कोलंबिया में विमान हादसा: सांसद समेत 15 लोगों की मौत, कोई भी जीवित नहीं बचा

2

कोलंबिया में एक बार फिर विमान हादसे ने सभी को झकझोर दिया है।

एक कोलंबियाई सांसद समेत 15 लोगों को ले जा रहा एक विमान बुधवार, 28 जनवरी को वेनेजुएला सीमा के पास पहाड़ी इलाके में क्रैश हो गया, जिसमें विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स की मौत हो गई।

यह ट्विन-प्रोपेलर विमान कोलंबिया के सीमावर्ती शहर कुकुटा से उड़ान भरकर ओकाना जा रहा था। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 5 बजे (1700 GMT), लैंडिंग से कुछ समय पहले विमान का हवाई यातायात नियंत्रण (ATC) से संपर्क टूट गया, जिसके बाद यह हादसा हुआ।

विमान में कौन-कौन सवार थे

विमान में कुल 13 यात्री और दो क्रू मेंबर सवार थे। उड़ान की कुल अवधि करीब 23 मिनट थी। विमान को कोलंबिया की सरकारी एयरलाइन सैटेना (Satena) संचालित कर रही थी।

यह एक ट्विन-प्रोपेलर (ट्विन-इंजन) विमान था, जिसमें दो प्रोपेलर होते हैं और इन्हें आमतौर पर टर्बोप्रॉप या पिस्टन इंजन संचालित करते हैं।

कोलंबियाई विमानन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया,
“इस हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा है।”
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

अब तक 7 शव बरामद

सरकार ने दुर्घटनास्थल की तलाशी के लिए वायु सेना को तैनात किया है। यह इलाका एंडीज पर्वत की पूर्वी सीमा पर स्थित है, जहां मौसम तेजी से बदलता है और भौगोलिक परिस्थितियां बेहद कठिन हैं। आसपास के कुछ ग्रामीण क्षेत्र कोलंबिया के सबसे बड़े गुरिल्ला संगठन नेशनल लिबरेशन आर्मी (ELN) के प्रभाव क्षेत्र में आते हैं।

स्थानीय न्यूज मैगजीन सेमाना से बातचीत में नॉर्थ सेंटेंडर राज्य के गवर्नर विलियम विलामिजार ने बताया कि अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं।

सांसद और चुनावी उम्मीदवार की मौत

मृतकों में कोलंबिया के चैंबर ऑफ डेप्युटीज के सदस्य, 36 वर्षीय सांसद डायोजनीज क्विंटेरो और आगामी चुनावों के उम्मीदवार कार्लोस साल्सेडो भी शामिल हैं।

कोलंबिया के वामपंथी राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने एक्स (X) पर शोक जताते हुए लिखा,
“इन मौतों से मुझे गहरा दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के साथ मेरी पूरी एकजुटता है।”

हाल के दिनों में दूसरा बड़ा हादसा

इससे पहले 11 जनवरी को राजधानी बोगोटा में भी एक चार्टर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें छह लोगों की मौत हुई थी। उस हादसे में कोलंबिया के मशहूर गायक और गीतकार येइसन जिमेनेज भी शामिल थे।

Comments are closed.