जापान में 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की दस्तक; 33 लोग घायल, पीएम ने बनाई इमरजेंसी टास्क फोर्स
जापान सोमवार देर रात आए 7.5 तीव्रता के तेज भूकंप से हिल गया। भूकंप के बाद तटीय इलाकों में समुद्र में उठी ऊँची लहरों ने सुनामी का खतरा बढ़ा दिया। देशभर में कई स्थानों पर सड़कों के धंसने, इमारतों में दरारें पड़ने और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की तस्वीरें सामने आई हैं। स्थानीय एजेंसियों के अनुसार, अब तक 33 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिनमें से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
PM साने ताकाइची का एक्शन, इमरजेंसी टास्क फोर्स सक्रिय
प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत इमरजेंसी टास्क फोर्स बनाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है और सभी एजेंसियां मिलकर राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं।
इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा जांच भी जारी है, ताकि किसी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
रात 11:15 बजे आया भूकंप, कई हिस्सों में तेज झटके महसूस
जापानी मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, रात करीब 11:15 बजे झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र होन्शू द्वीप के करीब, आओमोरी प्रांत के तट से लगभग 80 किलोमीटर दूर और 50 किलोमीटर की गहराई पर था।
झटके इतने तेज थे कि जापान के बड़े हिस्से में लोग घरों से बाहर निकल आए।
भूकंप के बाद प्रशांत महासागर के आसपास के कई देशों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की गई। होक्काइडो प्रांत के उराकावा शहर और आओमोरी के मुत्सु ओगावारा पोर्ट पर करीब 40 सेंटीमीटर ऊँची सुनामी लहरें दर्ज की गईं।
कई क्षेत्रों में नुकसान, होटल में भी लोग घायल
सार्वजनिक प्रसारक NHK के अनुसार, आओमोरी के हाचिनोहे शहर के एक होटल में भी कई लोग घायल हो गए। द्वीपों के तटीय क्षेत्रों में इमारतों और सड़कों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
फायर और आपदा प्रबंधन एजेंसी टीमों को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है और राहत कार्य तेज़ी से जारी हैं।
Comments are closed.