हैदराबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 36 टन मिलावटी घी जब्त किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिलने के बाद हैदराबाद खाद्य मिलावट निगरानी टीम ने विशेष अभियान चलाकर यह कार्रवाई की।
हैदराबाद पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान टीमों को पता चला कि नकली और निम्न गुणवत्ता वाली सामग्री के साथ कथित तौर पर खतरनाक एवं प्रतिबंधित रसायनों का इस्तेमाल कर सिंथेटिक घी तैयार किया जा रहा था।
अभियान के दौरान टीम ने 36 टन संदिग्ध मिलावटी घी के अलावा क्रीम, पाम ऑयल, वनस्पति, नकली घी के फ्लेवर, स्टार्च और विभिन्न रसायन जब्त किए।
अधिकारियों ने जब्त सामग्री के नमूने मौके से ही एकत्र किए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि तैयार किए गए घी में किन पदार्थों का इस्तेमाल किया गया था और वह खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है या नहीं।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, तैयार उत्पाद को कथित तौर पर शुद्ध देसी घी के नाम पर बाजार में बेचने की तैयारी थी। खाद्य सुरक्षा विभाग अब नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा।
Comments are closed.