इजरायल ने ईरान पर किया हमला, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स प्रमुख और दो परमाणु वैज्ञानिकों की मौत

2

तेहरान में इजरायली हमला: रिवोल्यूशनरी गार्ड्स चीफ और दो शीर्ष परमाणु वैज्ञानिकों की मौत, इमरजेंसी लागू।

ईरान की राजधानी तेहरान शुक्रवार सुबह धमाकों से दहल उठी जब इजरायल ने ईरान के सैन्य और परमाणु ठिकानों पर ‘ऑपरेशन राइजिंग लायन’ के तहत बड़ा हवाई हमला किया। इस हमले में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रमुख जनरल होसैन सलामी, और दो वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक—डॉ. मोहम्मद मेहदी तेहरानची और डॉ. फेरेयदौन अब्बासी—की मौत हो गई, जिसकी पुष्टि ईरानी मीडिया ने की है।

इजरायली प्रधानमंत्री ने दी हमले की पुष्टि
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार सुबह एक वीडियो संदेश में इस ऑपरेशन की घोषणा करते हुए कहा,

“ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करने और इजरायल की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए यह आवश्यक था।”
उन्होंने बताया कि हमलों में नटांज यूरेनियम संवर्धन सुविधा, बैलिस्टिक मिसाइल ठिकाने और परमाणु वैज्ञानिकों को निशाना बनाया गया।

इजरायली प्रधानमंत्री के अनुसार, यह ऑपरेशन ईरानी खतरे को पूरी तरह समाप्त करने तक जारी रहेगा।

“तेहरान की तानाशाही वर्षों से इजरायल के विनाश का आह्वान कर रही है। अब हमारे पास चुप रहने का विकल्प नहीं है,” नेतन्याहू ने कहा।

इजरायल ने की आपातकाल की घोषणा, हवाई क्षेत्र बंद
हमले के बाद संभावित ईरानी जवाबी कार्रवाई की आशंका को देखते हुए इजरायल ने अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है और पूरे देश में आपातकाल लागू कर दिया गया है।

अमेरिका ने हमले से किया किनारा
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बयान जारी कर कहा कि “यह इजरायल की एकतरफा सैन्य कार्रवाई थी” और अमेरिका इसका हिस्सा नहीं है।

“हमारी प्राथमिकता अमेरिकी बलों की सुरक्षा है। ईरान को अमेरिकी हितों या कर्मियों को नुकसान पहुंचाने से बचना चाहिए।”

ईरान की प्रतिक्रिया का इंतज़ार
फिलहाल, ईरान की ओर से इस हमले के प्रत्यक्ष जवाब की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है। विश्लेषकों का मानना है कि यह हमला पश्चिम एशिया में एक बड़े संघर्ष की शुरुआत हो सकता है।

Comments are closed.