सोनम रघुवंशी को लेकर गाजीपुर की उजाला यादव का दावा — बोलीं, वाराणसी बस स्टैंड पर मांगा था मोबाइल, गोरखपुर जाने की कर रही थी जल्दी
राजा रघुवंशी हत्याकांड में हर दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब इस मामले में गाजीपुर की एक युवती उजाला यादव ने बड़ा दावा किया है। उजाला का कहना है कि वह वाराणसी रोडवेज बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी, तभी एक लड़की ने उससे गोरखपुर जाने वाली ट्रेन और बस के बारे में पूछा। कुछ देर बाद वही लड़की उसी बस में चढ़ गई।
उजाला के मुताबिक, बाद में पता चला कि वह लड़की कोई और नहीं बल्कि सोनम रघुवंशी थी — वही सोनम, जो इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार की गई है। उजाला ने बताया कि सोनम ने बस में लोगों से फोन करने के लिए मोबाइल भी मांगा था और बार-बार गोरखपुर पहुंचने का समय पूछ रही थी। उस समय तक उजाला को यह नहीं पता था कि सामने बैठी लड़की किसी संगीन मामले में आरोपी है।
गिरफ्तारी के बाद खुला राज
उजाला ने बताया कि अगले दिन जब टीवी पर सोनम की गिरफ्तारी की खबरें देखीं, तब उसे एहसास हुआ कि वही लड़की बस में उसके पास बैठी थी। इसके बाद उसने राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी को फोन कर पूरी बात बताई। उजाला ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए शादी के कार्ड से सचिन का नंबर निकालकर संपर्क किया।
पीड़ित परिवार की मांग – नार्को टेस्ट हो सोनम और राज का
इस बीच, राजा रघुवंशी का परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है। परिजनों ने कहा है कि यह हत्या किसी निजी रंजिश का नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। राजा के भाई सचिन ने कहा कि सोनम और उसके साथी राज कुशवाह का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए, जिससे कई छुपे हुए सच सामने आ सकते हैं।
परिवार का मानना है कि इस साजिश में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी पहचान जरूरी है। सचिन का कहना है कि जब तक पूरी जांच नहीं होती, तब तक इस हत्याकांड की सच्चाई सामने नहीं आ पाएगी।
Comments are closed.