नम आंखों से अंतिम विदाई: राजकोट की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, विजय रूपाणी को दी अंतिम श्रद्धांजलि

1

भाजपा के वरिष्ठ नेता और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की अंतिम यात्रा सोमवार सुबह उनके राजकोट आवास से शुरू हुई।

रूपाणी की अंतिम झलक पाने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए राजकोट की सड़कों पर हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की आंखें नम थीं और पूरे शहर में शोक की लहर छा गई।

पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी अंजलि रूपाणी ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी। वह इस दौरान बेहद भावुक हो गईं और बेटे से लिपटकर फूट-फूटकर रो पड़ीं। भाजपा के कई दिग्गज नेता, राज्य सरकार के मंत्री, पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट टेकऑफ के कुछ ही देर बाद हादसे का शिकार हो गई थी, जिसमें 241 यात्रियों की जान चली गई थी। इस विमान में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे। रविवार को गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने पुष्टि की थी कि डीएनए जांच से रूपाणी के पार्थिव शरीर की पहचान हो गई है।

जनता की भीड़ और श्रद्धांजलि कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने राजकोट में यातायात और पार्किंग के विशेष इंतज़ाम किए हैं। रूपाणी के सम्मान में राज्य सरकार की ओर से राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Comments are closed.