दिल्ली-यूपी में मानसून की प्रतीक्षा जारी, हिमाचल-उत्तराखंड में भारी बारिश; कई राज्यों में IMD का अलर्ट
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मानसून का बेसब्री से इंतज़ार जारी है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं, वहीं पहाड़ी राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-यूपी में देरी, उमस से बढ़ी परेशानी
राजधानी दिल्ली में बीते एक सप्ताह से बारिश की संभावना जताई जा रही है, लेकिन अब तक केवल हल्की बूंदाबांदी ही देखने को मिली है। बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे, और अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 88% से 73% के बीच रहा। IMD ने गुरुवार को मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी और उमस से फिलहाल राहत नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी तक अच्छी बारिश की उम्मीद है। इस दौरान तापमान में गिरावट आ सकती है। हालांकि, झांसी के चिरगांव में वज्रपात से एक बच्ची की मौत हो गई और अमरोहा में गंगा के जलस्तर में वृद्धि से मिट्टी का बांध बह गया।
हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर
पहाड़ी राज्यों में मानसून सक्रिय है। उत्तराखंड में अधिकांश जिलों के लिए गुरुवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन और ऊना में बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
पंजाब में मानसून सक्रिय, कई जिलों में अलर्ट
पंजाब में मानसून अब सभी जिलों में पहुंच चुका है। बुधवार को राज्य के दस जिलों में मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए यलो और रेंज अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश और गर्मी दोनों का असर
जम्मू-कश्मीर में एक ओर गर्मी बनी हुई है, तो दूसरी ओर बारिश और भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। बुधवार को रामबन जिले में भारी वर्षा के बाद भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे करीब तीन घंटे तक बंद रहा। तवी नदी का जलस्तर बढ़ने से नौ लोग फंस गए, जिन्हें बाद में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
राजौरी और कटड़ा में मंगलवार रात को तेज बारिश से भूस्खलन की घटनाएं हुईं, वहीं श्रीनगर और जम्मू में बुधवार को तापमान लगभग समान रहा—श्रीनगर में 32.5°C और जम्मू में 32.6°C दर्ज किया गया।
Comments are closed.