गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की गोली मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश जारी
पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला इलाके से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने दिनदहाड़े गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हमले में तीन हमलावर शामिल थे जो वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तीन युवक बाइक से आकर सड़क किनारे खड़ी एक कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते दिख रहे हैं। हरजीत कौर उसी कार में मौजूद थीं। पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हरजीत कौर गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां थीं, जो इस समय 2015 से जेल में बंद है और हाल ही में असम की एक जेल में स्थानांतरित किया गया है। जग्गू पर हत्या, लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में कई केस दर्ज हैं। उसे पंजाब में ‘वसूली किंग’ के तौर पर भी जाना जाता है, और उसकी कथित गतिविधियों की पहुंच कनाडा तक फैली हुई बताई जाती है।
बताया जाता है कि अपराध की दुनिया में कदम रखने के शुरुआती दौर में जग्गू भगवानपुरिया, लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ एक ही गैंग का हिस्सा थे। लेकिन बाद में मतभेद के चलते जग्गू ने अपनी अलग गैंग बना ली। लॉरेंस और गोल्डी ने उस पर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के दो आरोपियों की जानकारी पंजाब पुलिस को देने का आरोप भी लगाया था।
फिलहाल, पुलिस इस मामले को गैंगवॉर के नजरिए से भी देख रही है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग की भूमिका की जांच की जा रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Comments are closed.