देशभर में मानसून का असर तेज, दिल्ली-NCR में आज बारिश के आसार, केरल के कई जिलों में रेड अलर्ट
देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून सक्रिय हो गया है और कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। उत्तर भारत के कई इलाकों में जहां अच्छी बारिश देखी जा रही है, वहीं राजधानी दिल्ली को अब भी मानसूनी बारिश का बेसब्री से इंतज़ार है। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को दिल्ली-NCR में तेज बारिश की संभावना जताई है, जबकि रविवार को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
केरल में रेड अलर्ट, कई इलाके जलमग्न
केरल में मानसून ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने इडुक्की, वायनाड और मलप्पुरम जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी बारिश के चलते नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है और कई निचले इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। त्रिशूर, एर्नाकुलम और इडुक्की जिलों में सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
लगातार हो रही बारिश से वायनाड की चूरलमाला नदी उफान पर है। इसी क्षेत्र में पिछले वर्ष भीषण भूस्खलन की घटना हुई थी, जिसमें 200 से अधिक लोगों की जान गई थी।
मध्य प्रदेश में तेज बारिश का दौर
मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। अलीराजपुर, टीकमगढ़, नीमच, सीहोर, धार और बड़वानी जैसे जिलों में भारी वर्षा दर्ज की गई है। IMD ने अगले 24 घंटों में अलीराजपुर, झाबुआ, बालाघाट, मंडला और धार में बेहद तेज बारिश का अनुमान जताया है, साथ ही 16 अन्य जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
राजस्थान में बिजली गिरने से चार की मौत
राजस्थान के झालावाड़ जिले में गुरुवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक महिला भी शामिल है। एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
राज्य के हनुमानगढ़, नागौर, भीलवाड़ा, सीकर और अलवर जैसे जिलों में भी रुक-रुक कर बारिश होती रही।
देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून की सक्रियता बढ़ रही है। जहां एक ओर बारिश से किसानों और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है, वहीं कुछ राज्यों में बाढ़ और बिजली गिरने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने जनता से सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की अपील की है।
Comments are closed.