न्यू जर्सी एयरपोर्ट पर टेकऑफ के वक्त स्काइडाइविंग प्लेन क्रैश, 15 लोग थे सवार

1

न्यू जर्सी में बुधवार शाम एक बड़ा विमान हादसा उस समय हुआ, जब एक स्काइडाइविंग विमान टेकऑफ के दौरान क्रैश हो गया।

यह घटना क्रॉस कीज एयरपोर्ट पर स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5:30 बजे हुई। हादसे के वक्त विमान में 15 लोग सवार थे।

स्काइडाइविंग मिशन पर था विमान
यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान सेसना 208 बी मॉडल था, जिसे स्काइडाइविंग गतिविधियों के लिए उपयोग किया जा रहा था। टेकऑफ के दौरान ही विमान रनवे से नियंत्रण खो बैठा और हादसे का शिकार हो गया।

5 लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
ग्लूसेस्टर काउंटी की इमरजेंसी मैनेजमेंट टीम ने इसे “बड़ी दुर्घटना” बताया है। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव दल मौके पर तुरंत पहुंच गया। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी कूपर यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल (कैमडेन) में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

FAA कर रहा है जांच
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि टेकऑफ के दौरान क्या तकनीकी खराबी हुई या मानवीय चूक इस दुर्घटना का कारण बनी।

स्थानीय लोगों में दहशत
विमान दुर्घटना की आवाज आसपास के इलाकों में सुनी गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि सभी 15 लोग हादसे के बाद जीवित पाए गए, हालांकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।

इस घटना ने अमेरिका में स्काइडाइविंग सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। जांच के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आएगी।

Comments are closed.