पटना में बीजेपी नेता गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या, गांधी मैदान थाना क्षेत्र में मचा हड़कंप
बिहार की राजधानी पटना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात शुक्रवार देर रात गांधी मैदान थाना क्षेत्र के ट्विन टॉवर के पास हुई, जब खेमका अपने आवास लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बाइक सवार हमलावरों ने खेमका को सिर में बेहद नजदीक से गोली मारी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
देरी से पहुंची पुलिस, परिवार का आरोप
परिजनों का आरोप है कि वारदात की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
गौरतलब है कि गोपाल खेमका के परिवार पर यह दूसरी बड़ी आपराधिक घटना है। वर्ष 2018 में उनके बेटे की भी हत्या कर दी गई थी।
पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद
कुछ दिनों पहले ही राजधानी के वीआईपी इलाके में मंत्री अशोक चौधरी के घर के सामने एक युवक पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। हमले में युवक बाल-बाल बच गया था। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का आवास भी उसी क्षेत्र में है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाएं
बिहार में इस तरह की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में मुजफ्फरपुर में एक प्रॉपर्टी डीलर टुनटुन चौधरी की भी घात लगाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात उस समय हुई थी जब वह देर रात पान खाकर बाइक से घर लौट रहे थे।
पुलिस जांच जारी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
पुलिस टीम अब घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Comments are closed.