तेज बारिश से दिल्ली को राहत, लेकिन हिमाचल-उत्तराखंड में तबाही का मंजर
बुधवार को दिल्ली-NCR में हुई जोरदार बारिश ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, वहीं पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में यह बारिश कहर बनकर टूटी है। एक ओर राजधानी में मौसम सुहावना बना हुआ है, वहीं पहाड़ों पर हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं।
दिल्ली में राहत भरा मौसम, पर सतर्कता जरूरी
दिल्ली और एनसीआर में अगले सात दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 16 जुलाई तक अधिकतम तापमान 30°C से 35°C और न्यूनतम तापमान 25°C से 29°C के बीच रहेगा। मॉनसून की इस दस्तक से मौसम जरूर खुशनुमा बना है, लेकिन जलभराव और ट्रैफिक की दिक्कतें सामने आ सकती हैं।
हिमाचल में कहर बरपाती बारिश, भारी नुकसान
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। 11 से 16 जुलाई के बीच राज्य में व्यापक स्तर पर बारिश का पूर्वानुमान है। कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। कांगड़ा और सिरमौर जिलों में आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में येलो अलर्ट लागू है।
राज्य में करीब 20 बादल फटने की घटनाओं में अब तक 91 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 34 लोग अब भी लापता हैं और 130 घायल हैं। बारिश के कारण 207 सड़कें बंद, 132 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप और लगभग 840 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ सहित कई एजेंसियां राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं।
उत्तराखंड में भी हालात नाजुक
उत्तराखंड में भी भारी बारिश का सिलसिला जारी है। देहरादून में एक व्यक्ति उफनती नदी में डूब गया, जबकि पूरे राज्य में गंगा, यमुना और सहायक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। राज्यभर में भूस्खलन के चलते 179 सड़कें बंद हैं और इन्हें खोलने का प्रयास जारी है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए देहरादून जिले में गुरुवार को कक्षा 12 तक के स्कूल बंद कर दिए गए। राहत की खबर यह है कि उत्तरकाशी जिले के ओजरी में आपदा के 11 दिन बाद ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया है, जहां बेली ब्रिज का निर्माण कर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है।
Comments are closed.