धराली के बाद अब हिमाचल के किन्नौर में बादल फटा, 450 यात्री फंसे; कई अस्थायी पुल बहे
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में बादल फटने से मची तबाही से राज्य अभी उबर भी नहीं पाया था कि हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से भी ऐसी ही एक घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, किन्नौर के तांगलिंग नाले के पास बादल फटने से क्षेत्र में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे कई अस्थायी पुल बह गए।
इस घटना में जानमाल के नुकसान की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, प्रशासन ने एहतियातन त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। किन्नौर कैलाश यात्रा पर गए करीब 450 यात्री बाढ़ के चलते रास्ते में फंस गए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ, आईटीबीपी और स्थानीय पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
जिला प्रशासन अलर्ट, सीनियर अधिकारी मौके के लिए रवाना
वहीं, उत्तरकाशी के धराली में हुई बादल फटने की घटना ने पहले ही व्यापक तबाही मचाई है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, 20 से 25 होटल, होम स्टे और मकान पानी में बह गए। सेना, एनडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमें मौके पर राहत कार्य में लगी हैं। सेना की एक टुकड़ी में लगभग 80 जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा दो आईजी, तीन एसपी, एक कमांडेंट, 11 डीएसपी और लगभग 300 पुलिसकर्मी प्रभावित क्षेत्र में भेजे गए हैं।
भागीरथी नदी उफान पर, मौसम विभाग का रेड अलर्ट जारी
उत्तरकाशी में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते भागीरथी नदी उफान पर है। ऊपरी क्षेत्रों में बारिश का दबाव बढ़ने से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। भारत मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और अगले 24 घंटों में अति भारी वर्षा की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जेनमणि ने बताया कि बुधवार सुबह 8:30 बजे तक स्थिति गंभीर बनी रह सकती है।
Comments are closed.