दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की हत्या पार्किंग विवाद के चलते कर दी गई।
बताया जा रहा है कि घटना की शुरुआत तब हुई जब एक व्यक्ति ने अपनी स्कूटी आसिफ के घर के बाहर खड़ी कर दी। स्कूटी हटाने को कहने पर कहासुनी बढ़ गई और आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
आसिफ की पत्नी ने आरोप लगाया कि मामूली बात पर आरोपियों ने बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि पहले भी पार्किंग को लेकर उनके पति का आरोपियों से विवाद हो चुका था।
घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे निजामुद्दीन थाना क्षेत्र के जंगपुरा भोगल बाजार लेन में हुई। गंभीर रूप से घायल आसिफ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Comments are closed.