अमेरिकी विदेश विभाग ने बलूच लिब्रेशन आर्मी (BLA) को एक विदेशी आतंकी संगठन घोषित कर दिया है।
बीएलए, जिसे मजीद ब्रिगेड के नाम से भी जाना जाता है, पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय उग्रवादी समूह है, जो इस क्षेत्र की स्वतंत्रता की मांग करता है। बलूचिस्तान की सीमा उत्तर में अफगानिस्तान और पश्चिम में ईरान से मिलती है।
विदेश विभाग ने बीएलए को फॉरेन टेररिस्ट ऑर्गनाइजेशन (FTO) में शामिल किया है। पहले, 2019 में, अमेरिका ने बीएलए को स्पेशली डेजिग्नेटेड ग्लोबल टेररिस्ट (SDGT) घोषित किया था। इसके बाद से बीएलए ने पाकिस्तान में कई आतंकी हमलों की जिम्मेदारी ली है। खासतौर पर 2024 में कराची एयरपोर्ट और ग्वादर पोर्ट अथॉरिटी परिसर के पास हुए आत्मघाती हमलों का बीएलए ने दावा किया था।
विदेश विभाग ने मार्च 2024 में हुई जाफर एक्सप्रेस ट्रेन हाइजैकिंग का भी उल्लेख किया है, जिसमें बीएलए ने 300 यात्रियों को बंधक बनाया था। इस घटना में नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों समेत 31 लोगों की मौत हुई थी।
अमेरिका ने इस कदम के जरिए आतंकवाद के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। विदेश विभाग के अनुसार, आतंकवादी संगठनों को सूचीबद्ध करना इस बात का संकेत है कि अमेरिका आतंकवाद से निपटने के लिए सक्रिय और प्रभावी कदम उठा रहा है। यह फैसला इमीग्रेशन एंड नेशनलिटी एक्ट के सेक्शन 219 के तहत लिया गया है।
Comments are closed.