राजघाट पर बापू को नमन, पीएम मोदी ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। सरकारी आवास से निकलने के बाद वे सीधे राजघाट पहुंचे और ‘बापू’ को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “यह दिन हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने और विकसित भारत के निर्माण के लिए अधिक परिश्रम करने के लिए प्रेरित करे। जय हिंद।” एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, “मेरी कामना है कि यह अवसर सभी देशवासियों के जीवन में नया जोश और स्फूर्ति लेकर आए।”
आजादी की वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री लाल किले से 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। वे लगातार 12वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस वर्ष समारोह में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का भी जश्न मनाया जाएगा।
लाल किले पर प्रधानमंत्री का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने किया।
Comments are closed.