मुंबई में मूसलधार बारिश से हाहाकार, अमिताभ समेत कई सितारों के घरों तक घुसा पानी

3

मुंबई में भारी बारिश ने आम लोगों से लेकर फिल्मी सितारों तक सबको प्रभावित किया है।

इंटरनेट पर वायरल एक वीडियो में दावा किया गया कि अमिताभ बच्चन जुहू स्थित अपने घर ‘जलसा’ के बाहर जमा पानी को खुद वाइपर से निकालते दिखे, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। उनके पुराने बंगले ‘प्रतीक्षा’ में भी पानी भर गया।

शहर में 24 घंटे में करीब 300 मिमी बारिश हुई। इसका असर ट्रांसपोर्ट पर भी पड़ा—34 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं और 250 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर लगातार तीसरे दिन बंद रहे। बीएमसी ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और आपात स्थिति में हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क करने की अपील की।

बारिश और बाढ़ से महाराष्ट्र के अन्य जिले भी प्रभावित हैं। पिछले 24 घंटे में छह लोगों की मौत हुई है। राज्यभर में एनडीआरएफ की 18 टीमें तैनात हैं। नांदेड़ में एसडीआरएफ ने 293 लोगों को सुरक्षित निकाला।

मुंबई में एक मोनो रेल भी चेंबूर और भक्ती पार्क स्टेशन के बीच फंस गई थी। इसमें सवार 582 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों को सांस लेने में कठिनाई और घबराहट हुई, दो लोगों को अस्पताल भेजना पड़ा। ट्रेन खतरनाक तरीके से झुक गई थी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

Comments are closed.