उत्तराखंड में मॉनसून का कहर, सहस्त्रधारा में बादल फटा, दो लोग लापता
उत्तराखंड में मॉनसून की बारिश ने कहर बरपाया है। सोमवार रात देहरादून के कारलीगाढ़ सहस्त्रधारा क्षेत्र में बादल फटने से हड़कंप मच गया। हादसे के तुरंत बाद जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने खुद राहत कार्य की कमान संभाली और सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और लोक निर्माण विभाग की टीमें जेसीबी और अन्य उपकरणों के साथ मलबा हटाने और लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कुछ दुकानें बह गई हैं, हालांकि जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल दो लोग लापता बताए जा रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कुमकुम जोशी भी रात में घटनास्थल पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली, चंपावत, उधम सिंह नगर, बागेश्वर और नैनीताल समेत कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
Comments are closed.