भारत ने फाइनल का टिकट किया पक्का, बांग्लादेश 41 रन से हारा
अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी और कुलदीप यादव की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने एशिया कप 2025 सुपर-4 मैच में बांग्लादेश को 41 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इस हार के साथ ही श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो गया। अब 28 सितंबर को होने वाले खिताबी मुकाबले में भारत का सामना किस टीम से होगा, इसका फैसला गुरुवार को बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले से तय होगा।
प्वॉइंट्स टेबल का हाल
भारत ने अब तक खेले दो मैच जीतकर 4 अंक हासिल कर लिए हैं और उसका नेट रन रेट +1.357 है। पाकिस्तान और बांग्लादेश के पास 2-2 अंक हैं, लेकिन पाकिस्तान का नेट रन रेट बेहतर है। श्रीलंका के पास अब फाइनल में पहुंचने का कोई मौका नहीं बचा है।
बांग्लादेश की हार की कहानी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 6 विकेट पर 168 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 37 गेंदों पर 75 रन (6 चौके, 5 छक्के) की विस्फोटक पारी खेली। हार्दिक पांड्या ने 38 रन जोड़े जबकि शुभमन गिल ने 29 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 19.3 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज सैफ हसन ने 51 गेंदों पर 69 रन की पारी खेली, लेकिन उन्हें किसी और बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट, कुलदीप यादव ने 3 और वरुण चक्रवर्ती ने 2 विकेट झटके।
अब किसे मिलेगा फाइनल का टिकट?
भारत के बाद फाइनल में जगह बनाने के लिए पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच सीधी टक्कर होगी। जो टीम जीतेगी, वही भारत से भिड़ेगी।
Comments are closed.