देशभर में दिवाली का उल्लास चरम पर है। शनिवार को धनतेरस के मौके पर बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली।
सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स और घर की सजावट से जुड़ी वस्तुओं की जमकर खरीदारी हुई। जीएसटी में कटौती के बाद टीवी, फ्रिज, गीजर और कार-बाइक जैसी वस्तुएं सस्ती होने से ग्राहकों का उत्साह और बढ़ गया। गोल्ड-सिल्वर के दाम बढ़ने के बावजूद खरीदारी पर कोई असर नहीं पड़ा। अब सोमवार को मुख्य दिवाली से पहले लोग छोटी दिवाली की तैयारियों में जुटे हैं — घरों की सफाई, सजावट और पूजा-पाठ की तैयारी में हर कोई व्यस्त है।
अयोध्या में आज भव्य दीपोत्सव
प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या आज रोशनी से जगमगाने वाली है। उत्तर प्रदेश सरकार सरयू तट पर 9वां दीपोत्सव मना रही है। जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में शाम 5 बजे से आरती का आयोजन होगा। आरती स्थल को 11 जोन में बांटा गया है, जहां नयाघाट से लक्ष्मण घाट तक हर जोन में 200 प्रतिभागी आरती में शामिल होंगे। राम मंदिर और दीपोत्सव की भव्यता ने अयोध्या को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आकर्षण का केंद्र बना दिया है।
छोटी दिवाली पर हनुमान पूजा का शुभ समय
कार्तिक मास के कृष्णपक्ष की चतुर्दशी, जिसे छोटी दिवाली या नरक चतुर्दशी कहा जाता है, हनुमान जी की विशेष पूजा के लिए अत्यंत शुभ मानी जाती है। इस वर्ष पूजा का शुभ मुहूर्त 19 अक्टूबर दोपहर 1:51 बजे से शुरू होकर 20 अक्टूबर दोपहर 3:44 बजे तक रहेगा। भक्त इस दौरान हनुमान जी की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करेंगे।
कर्नाटक में पटाखे की दुकान में आग, बड़ा हादसा टला
कर्नाटक के मेडक में छोटी दिवाली से पहले एक पटाखे की दुकान में भीषण आग लग गई। आग से दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
छोटी दिवाली पर क्या खरीदें शुभ माना जाता है
छोटी दिवाली के दिन भी खरीदारी शुभ मानी जाती है। इस दिन दीये, मोमबत्तियां, लाइटें और पूजा सामग्री खरीदना शुभ फल देता है। परंपरा के अनुसार नरक चतुर्दशी पर घर में 13 या 14 दीये जलाए जाते हैं, साथ ही यमराज के नाम का दीपक भी जलाने का विधान है।
Comments are closed.