ब्रिटेन की जेल में बंद भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी ने दावा किया है कि उसके प्रत्यर्पण से जुड़े मामले में अगले महीने “बड़े और चौंकाने वाले खुलासे” सामने आएंगे।
नीरव मोदी पिछले छह साल से लंदन की जेल में बंद है और उस पर भारत में पीएनबी घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप हैं। नीरव मोदी शुक्रवार को लंदन हाईकोर्ट में बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े एक मामले की सुनवाई में पेश हुआ। यह मामला करीब 66 करोड़ रुपये की बकाया राशि से जुड़ा है। सुनवाई के दौरान नीरव मोदी ने जेल की कठिन परिस्थितियों और अपने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए केस की सुनवाई रोकने की मांग की, लेकिन अदालत ने यह याचिका खारिज कर दी और मामले की अगली सुनवाई जनवरी 2026 के लिए तय की।
नीरव मोदी ने अदालत में कहा, “बैंक ऑफ इंडिया मेरे प्रत्यर्पण का जिक्र कर रहा है, लेकिन मैं अब भी यहीं हूं। जल्द कुछ ऐसे खुलासे होंगे जो अब तक किसी को नहीं पता।” उसने दावा किया कि अगले महीने होने वाली सुनवाई में या तो उसका केस खारिज हो जाएगा या उसे जमानत मिल सकती है। कोर्ट ने उसे नए सबूत पेश करने की अनुमति भी दे दी है।
Comments are closed.