जापानी पीएम की तारीफ पर ट्रंप को मिला नोबेल का वादा, दोनों देशों के बीच सहयोग के नए तोहफों का ऐलान

3

जापान दौरे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री सानाई ताकाइची के बीच हुई मुलाकात ने दोनों देशों के रिश्तों में नया आयाम जोड़ दिया है। ट्रंप ने ताकाइची की नेतृत्व क्षमता की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि “ये मजबूत महिला के हाथ हैं” और उन्हें जापान की भावी प्रगति का प्रतीक बताया।

योकोसुका नौसैनिक अड्डे पर अमेरिकी विमानवाहक पोत जार्ज वॉशिंगटन पर हजारों सैनिकों के बीच बोलते हुए ट्रंप ने ताकाइची को “विजेता महिला” कहा और उनके साथ अपनी गहरी दोस्ती का जिक्र किया।

नोबेल पुरस्कार का वादा और उपहारों का आदान-प्रदान
प्रधानमंत्री ताकाइची ने ट्रंप की शांति पहल की सराहना करते हुए कहा कि वे उन्हें शांति के नोबेल पुरस्कार के लिए नामित करेंगी। उन्होंने पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया में संघर्षों के समाधान के लिए ट्रंप के प्रयासों को “ऐतिहासिक उपलब्धि” बताया।
इस दौरान ताकाइची ने ट्रंप को कई प्रतीकात्मक उपहार भी दिए — दिवंगत प्रधानमंत्री शिंजो आबे की कांच में बंद पटर (गोल्फ स्टिक), गोल्फ चैंपियन हिदेकी मात्सुयामा द्वारा हस्ताक्षरित गोल्फ बैग, सोने की पत्ती से सजी गोल्फ बॉल, और अमेरिका में जापानी निवेश दर्शाने वाला विशेष नक्शा

अमेरिका को मिलेगा ‘चेरी ब्लॉसम’ तोहफा
ताकाइची ने घोषणा की कि अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने पर (4 जुलाई, 2026) जापान की ओर से 250 चेरी के पेड़ भेंट किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह उपहार दोनों देशों की स्थायी मित्रता और साझा मूल्यों का प्रतीक होगा।

महत्वपूर्ण समझौते और निवेश योजनाएं
ट्रंप के दौरे के दौरान अमेरिका और जापान के बीच दो प्रमुख समझौते हुए — एक व्यापार सहयोग से जुड़ा और दूसरा रेयर अर्थ मिनरल्स (दुर्लभ खनिजों) की आपूर्ति को लेकर।
ताकाइची ने बताया कि इन समझौतों से द्विपक्षीय रिश्तों का “नया स्वर्ण युग” शुरू होगा। समझौते के तहत जापान अमेरिका में 550 अरब डॉलर का निवेश करेगा, जबकि ट्रंप प्रशासन जापानी उत्पादों पर केवल 15% टैरिफ शुल्क रखेगा। इसके अलावा टोयोटा अमेरिका में 10 अरब डॉलर का निवेश करेगी।

रक्षा सहयोग पर जोर
ट्रंप ने जापान के रक्षा खर्च बढ़ाने और सैन्य निर्माण को लेकर उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि चीन के बढ़ते प्रभाव के मद्देनज़र जापान का अपनी सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करना स्वागतयोग्य है। ताकाइची ने भी रक्षा बजट को GDP के 2% तक बढ़ाने की पुष्टि की।

उत्तर कोरिया मुद्दे पर चर्चा
ट्रंप ने जापान के उन परिवारों से भी मुलाकात की जिनके परिजन 1960–70 के दशक में उत्तर कोरिया द्वारा अगवा किए गए थे। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इस मसले को उठाने के लिए उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से मुलाकात करने को तैयार हैं।

Comments are closed.