हार के बाद एलिसा हीली का फूटा गुस्सा: टीम के रवैये पर उठाए सवाल, जेमिमा रॉड्रिगेज की तारीफ में कही बड़ी बात

5

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली ने महिला वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत से मिली हार के बाद अपनी निराशा जाहिर की और टीम के प्रदर्शन पर कड़ा सवाल उठाया।

उन्होंने माना कि ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने पहचान वाले तेवरों के साथ नहीं खेल पाई और कई मौकों पर ढिलाई बरती। प्रेस कॉन्फ्रेंस में हीली ने कहा, “हमने मैच में चार-पांच ओवर बाकी रहते तक मुकाबले को पकड़े रखा, लेकिन क्रिकेट में अगर आप विरोधी टीम पर पर्याप्त दबाव नहीं बना सकते तो ऐसे नतीजे सामने आते हैं। जेमिमा ने बेहतरीन पारी खेली और उसकी मानसिक दृढ़ता बेमिसाल थी।”

उन्होंने माना कि टीम ने कई गलतियां कीं जो आम तौर पर ऑस्ट्रेलिया नहीं करता। “हमने जरूरत से ज्यादा खराब गेंदें फेंकी, मौके बनाए लेकिन भुना नहीं पाए। हम जितने आक्रामक होकर खेलते हैं, वैसा नहीं कर पाए — और यही हमारी सबसे बड़ी कमी रही। इतने शानदार टूर्नामेंट के बाद ऐसी हार निराशाजनक है,” हीली ने कहा।

हीली ने यह भी जोड़ा कि उनकी टीम ने जो कैच टपकाए, उससे मैच का रुख ही बदल गया। “शायद सेमीफाइनल का दबाव था या ध्यान की कमी — कहना मुश्किल है, लेकिन यही मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।”

भारत की ओर से हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रॉड्रिगेज के बीच 167 रन की साझेदारी को उन्होंने निर्णायक बताया। “दोनों लंबे समय से भारत के लिए शानदार क्रिकेट खेल रही हैं। हमने अपनी ताकत पर नहीं खेला और उन्हें मैच पर पूरी तरह हावी होने दिया,” उन्होंने कहा।

हीली ने आगे कहा कि अब रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच फाइनल में एक नया वनडे चैंपियन उभरेगा, जो क्रिकेट के लिए अच्छा संकेत है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए कैलेंडर में और अधिक वनडे मैच और द्विपक्षीय सीरीज जोड़ी जानी चाहिए।

Comments are closed.