तहरीक-ए-तालिबान के डर से हाफिज सईद ने पाकिस्तान में अपनी रैली स्थगित की

4

पाकिस्तान में आतंक फैलाने वाला लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद इस वक्त तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के डर से अपने ही देश में छिपने को मजबूर है।

हालात ऐसे हो गए हैं कि उसे अपनी ही रैली टालनी पड़ी है। लश्कर के एक आतंकी का वायरल वीडियो इस बात की पुष्टि करता है, जिसमें वह भीड़ को बताते हुए कहता है कि “अमीर-ए-मोहतर्म” यानी हाफिज सईद ने रैली स्थगित करने का फैसला किया है।

सूत्रों के मुताबिक, आईएसआई के निर्देश पर 2 नवंबर को लाहौर के मिनार-ए-पाकिस्तान में होने वाली इस रैली को अचानक रद्द कर दिया गया। रैली की नई तारीख की घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि TTP से मिल रही धमकियों और सुरक्षा एजेंसियों की अंदरूनी चेतावनियों के बाद यह कदम उठाया गया।

पूरी तैयारी के बाद भी रैली रद्द
जानकारी के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा ने रैली के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में उस जगह के दृश्य भी दिखे, जहां मंच बनाया गया था और ऑपरेशन ‘सिंदूर’ में मारे गए आतंकियों के नाम के पोस्टर लगाए गए थे। लश्कर उन्हें “शहीद” बताकर प्रचार करना चाहता था।

लेकिन तहरीक-ए-तालिबान की ओर से संभावित हमले की आशंका के चलते आखिरी पल में रैली टाल दी गई। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह फैसला न सिर्फ खतरे से बचने के लिए लिया गया, बल्कि पाकिस्तान में बढ़ते आतंकी गुटों के अंदरूनी टकराव का भी संकेत देता है।

Comments are closed.