अमेरिका में दबोचा गया लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर भानु राणा, जल्द लाया जाएगा हरियाणा

4

हरियाणा पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है।

भारत के दो मोस्ट वांटेड गैंगस्टर — वेंकटेश गर्ग और भानु राणा — को क्रमशः जॉर्जिया और अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। दोनों को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वेंकटेश गर्ग को जॉर्जिया से प्रत्यर्पण (extradition) के जरिए लाया जाएगा, जबकि भानु राणा को अमेरिका से डिपोर्ट (deport) किया जाएगा।

वेंकटेश गर्ग: विदेश में बैठकर चलाता था गैंग
वेंकटेश गर्ग हरियाणा के नारायणगढ़ का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या, लूट और फिरौती के 10 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। वह गुरुग्राम में बसपा नेता की हत्या में भी शामिल रहा है। भारत से फरार होने के बाद उसने फर्जी पासपोर्ट के जरिए जॉर्जिया में शरण ली और वहां से अपना नेटवर्क खड़ा किया।

जांच में खुलासा हुआ है कि वह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को पैसे का लालच देकर अपने गैंग में भर्ती करता था। हाल ही में दिल्ली में हुई फायरिंग की जांच में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि गर्ग विदेश से लगातार गैंग को निर्देश दे रहा था।
सूत्रों के अनुसार, वह कुख्यात अपराधी कपिल सांगवान के साथ मिलकर एक्सटॉर्शन रैकेट चला रहा था।

भानु राणा: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हथियार सप्लायर
भानु राणा, हरियाणा के करनाल जिले का रहने वाला है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। वह हथियारों की सप्लाई और ट्रांजिट नेटवर्क संभालता था।

STF ने पहले भी करनाल में उसके इशारे पर काम कर रहे दो शूटरों को हथियारों के जखीरे के साथ पकड़ा था। जेल में बंद रहने के बावजूद राणा मोबाइल और सोशल मीडिया के जरिए अपने गुर्गों को निर्देश देता था। उसका नेटवर्क हरियाणा, पंजाब और दिल्ली तक फैला हुआ है।

कई गैंगस्टर विदेशों से चला रहे हैं अपराध नेटवर्क
जांच एजेंसियों के मुताबिक, फिलहाल करीब दो दर्जन बड़े गैंगस्टर विदेशों से भारत में सक्रिय हैं। इनमें गोल्डी बराड़, कपिल सांगवान, अनमोल बिश्नोई, हैरी बॉक्सर और हिमांशु भाऊ जैसे नाम शामिल हैं।
ये गैंगस्टर पुर्तगाल, कनाडा, अमेरिका, इंग्लैंड और UAE जैसे देशों में बैठे हैं और भारत में हत्या, रंगदारी और हथियार तस्करी जैसे अपराधों को अंजाम दे रहे हैं।

Comments are closed.