दिल्ली में लाल किले के पास हुआ धमाका अब आतंकी हमला माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, कार में लगाया गया विस्फोटक फिदायीन हमले की साजिश का हिस्सा हो सकता है।
जिस i20 कार में धमाका हुआ, उसके मालिक तारिक को पुलवामा से हिरासत में लिया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियों को शक है कि इस हमले के तार फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जुड़े हैं। फोरेंसिक टीमों ने धमाके वाली जगह से कई अहम सबूत जुटाए हैं, और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच जारी है।
खुफिया सूत्रों के अनुसार, कार में सवार व्यक्ति की पहचान डॉक्टर उमर मोहम्मद के रूप में हो सकती है — जो फरीदाबाद मॉड्यूल का एक फरार आतंकी बताया गया था। पुलिस डीएनए टेस्ट के जरिए पुष्टि करेगी कि मारे गए व्यक्ति की पहचान उमर मोहम्मद ही है या नहीं।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में UAPA, हत्या और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। धमाका सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ, जिसमें करीब 10 लोगों की मौत और कई घायल हुए। धमाके के बाद आसपास खड़ी गाड़ियों में आग लग गई। घायलों का इलाज एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है।
गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा से घटना की जानकारी ली और खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एनआईए, एनएसजी और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीमों ने जांच की कमान संभाल ली है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां इस हमले के हर पहलू को खंगाल रही हैं।
Comments are closed.