भोपाल गैस त्रासदी की 2-3 दिसंबर 1984 की रात आज भी देश के ज़ख्म ताज़ा कर देती है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से लीक हुई मिथाइल आइसोसाइनेट (MIC) गैस ने देखते ही देखते लाखों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार इस आपदा में 3,800 से अधिक लोगों की मौत हुई और तीन लाख से ज्यादा लोग घायल हुए। हालांकि कई मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 15,000 से अधिक बताई गई है।
इतिहास की इस भयावह इंडस्ट्रियल डिज़ास्टर ने फिल्ममेकर्स को भी गहरे तक प्रभावित किया है। कई फिल्में और सीरीज़ इस त्रासदी की दर्दनाक सच्चाई और उसके बाद की मानवीय पीड़ा को दिखाती हैं। यहां देखें ऐसी प्रमुख फिल्मों और शो की सूची—
1. द रेलवे मेन
आर. माधवन, के.के. मेनन, दिव्येंदु और बाबिल खान स्टारर यह सीरीज़ भोपाल गैस कांड के बाद के भयावह हालात दिखाती है। कहानी उन अनदेखे रेलवे कर्मचारियों पर केंद्रित है, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर हजारों लोगों की जान बचाई। हादसे के मानवीय और भावनात्मक पहलू को यह शो बेहद प्रभावशाली तरीके से सामने लाता है।
2. Bhopal: A Prayer for Rain
5 दिसंबर 2014 को रिलीज हुई रवि कुमार की यह फिल्म गैस लीक की पृष्ठभूमि और उन कारणों को दर्शाती है जिनसे यह त्रासदी हुई। फिल्म में राजपाल यादव, तनिष्ठा चटर्जी, मार्टिन शीन और काल पेन जैसे कलाकार शामिल हैं। कहानी एक आम मजदूर की नजर से प्लांट में बढ़ती लापरवाहियों और उसके भयावह परिणामों को दिखाती है।
3. वन नाइट इन भोपाल
BBC की 2004 की यह डॉक्यूमेंट्री उस रात की घटनाओं को प्रत्यक्षदर्शियों की नजरों से दिखाती है। यह बताती है कि 3 दिसंबर 1984 की सुबह कैसे एक पूरी आबादी दहशत, दर्द और मौत की चपेट में आ गई।
4. भोपाली
वैन मैक्सिमिलियन कार्लसन की 2011 की यह डॉक्यूमेंट्री त्रासदी के बचे लोगों की टूटी जिंदगी और न्याय पाने के लिए उनके लगातार संघर्ष पर आधारित है। फिल्म यूनियन कार्बाइड के बंद प्लांट के आसपास रहने वाले परिवारों की आज भी जारी पीड़ा को उजागर करती है।
5. भोपाल एक्सप्रेस
महेश मथाई की 1999 की यह फिल्म एक नवविवाहित दंपति की कहानी है जिसकी जिंदगी भोपाल गैस कांड के बाद पूरी तरह बदल जाती है। नसीरुद्दीन शाह, जीनत अमान और के.के. मेनन जैसे कलाकारों ने इस हादसे के मानवीय पहलू को बेहद संवेदनशीलता से पर्दे पर उतारा है।
Comments are closed.