ट्रंप के आदेश पर त्वरित वार! US सैनिक हेलीकॉप्टर से सीधे वेनेजुएला जहाज़ पर कूदे, मिनटों में किया कब्जा

1

अमेरिका ने हेलीकॉप्टर के ज़रिये अपने सैनिकों को भेजकर वेनेजुएला के समुद्री तट के पास एक बड़े तेल टैंकर पर नियंत्रण कर लिया है।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार, 10 दिसंबर को इस कार्रवाई की घोषणा की और व्हाइट हाउस की ओर से ऑपरेशन का वीडियो भी जारी किया गया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब ड्रग्स तस्करी को लेकर अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव पहले से ही बढ़ा हुआ है। वेनेजुएला की सरकार ने इस ऑपरेशन को “खुली लूट” करार दिया है।

कैरेबियन सागर में पहले से ही अमेरिकी नौसेना की बड़ी तैनाती मौजूद है। ट्रंप ने दावा किया कि यह अभियान अमेरिका में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ लड़ाई का हिस्सा है, जबकि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का आरोप है कि वाशिंगटन उनकी सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है।

हेलीकॉप्टर से उतरते कमांडो
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी द्वारा साझा किए गए वीडियो में सैनिकों को हेलीकॉप्टर से जहाज के डेक पर उतरते और हथियारों के साथ जहाज के नियंत्रण कक्ष में जाते हुए देखा जा सकता है। ट्रंप ने बताया, “हमने वेनेजुएला के तट के पास एक बहुत बड़ा टैंकर जब्त किया है—अब तक का सबसे बड़ा टैंकर। आगे और भी कदम उठाए जा रहे हैं, जिन्हें आप जल्द देखेंगे।”

क्यों किया गया टैंकर जब्त?
बॉन्डी ने पोस्ट में कहा कि यह टैंकर “अवैध तेल शिपिंग नेटवर्क” का हिस्सा था, जिसका उपयोग वेनेजुएला और ईरान से प्रतिबंधित तेल को बाहर भेजने के लिए किया जाता था। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, जहाज क्यूबा की ओर जा रहा था और अमेरिकी तटरक्षक बल ने उसे कब्जे में ले लिया।

उधर, वेनेजुएला के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर इस कार्रवाई की तीखी आलोचना की और कहा कि वह “अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा सार्वजनिक रूप से स्वीकार किए गए अंतरराष्ट्रीय चोरी के कृत्य की निंदा करता है।”

Comments are closed.