करोड़पति ड्रग डीलर का मास्टरप्लान फेल, पुलिस ने 43,950 नशीले इंजेक्शन किए बरामद

1

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर काशीपुर पुलिस, एसओजी और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की संयुक्त टीम ने ट्रांसपोर्ट के जरिए मंगाई गई नशीली इंजेक्शनों की एक बड़ी खेप जब्त की है। बरामद इंजेक्शनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपये बताई जा रही है।

ट्रांसपोर्ट में छुपाकर रखे गए थे 43,950 नशीले इंजेक्शन
यह कार्रवाई 15 दिसंबर 2025 को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर की गई। संयुक्त टीम ने काशीपुर के दड़ियाल रोड स्थित सेफ एक्सप्रेस ट्रांसपोर्ट परिसर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ट्रांसपोर्ट में रखी 16 गत्तों की पेटियों की तलाशी ली गई, जिनसे प्रतिबंधित और महंगे 43,950 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। इनमें BINORPHINE और REXOGESIC ब्रांड के इंजेक्शन शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इन इंजेक्शनों की खुदरा बाजार कीमत लगभग 1.32 करोड़ रुपये आंकी गई है।

मुख्य आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी की कोशिशें तेज
जांच में सामने आया है कि नशीले इंजेक्शनों की यह खेप रिपुल चौहान नामक आरोपी ने मंगाई थी। रिपुल चौहान मूल रूप से बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में काशीपुर में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।

पहले से NDPS केस में फरार है आरोपी
काशीपुर के अपर पुलिस अधीक्षक स्वपन किशोर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस और एसओजी के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आरोपी रिपुल चौहान पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहा था। इस कार्रवाई में दो अलग-अलग कंपनियों के कुल 43,950 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इसी टीम ने इससे पहले करीब 5,000 नशीले इंजेक्शन बरामद कर नशा तस्करों पर करारा प्रहार किया था।

Comments are closed.