इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद से बांग्लादेश के कई हिस्सों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
राजधानी ढाका समेत कई शहरों से आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। हादी का शव सिंगापुर से ढाका पहुंच चुका है। परिवार के अनुरोध पर उन्हें बांग्लादेश के राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम के बगल में दफनाया जाएगा। इस फैसले के बाद ढाका में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
ढाका विश्वविद्यालय केंद्रीय छात्र संघ (डुक्सू) की नेता फातिमा तस्नीम जुमा ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि परिवार की इच्छा के अनुसार शरीफ उस्मान हादी को कवि काजी नजरुल इस्लाम के समाधि स्थल के पास दफनाया जाएगा। ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, शनिवार को जुहर की नमाज के बाद मानिक मियां एवेन्यू में जनाजा नमाज अदा की जाएगी, जिसके बाद अंतिम संस्कार होगा। अंतिम संस्कार को देखते हुए राजधानी में भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
कौन थे शरीफ उस्मान हादी?
शरीफ उस्मान हादी पिछले साल जुलाई 2024 में हुए राजनीतिक आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक थे। वह तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के विरोध में सक्रिय मंच इंकलाब मंच के प्रवक्ता थे। जुलाई के आंदोलन के बाद यह मंच राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था, जिसके बाद बांग्लादेश की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिले।
हादी आगामी फरवरी में होने वाले चुनावों में उम्मीदवार भी थे। वह ढाका-8 विधानसभा क्षेत्र से एक स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव प्रचार कर रहे थे।
कैसे हुआ हमला?
12 दिसंबर को मध्य ढाका में चुनाव प्रचार के दौरान उन पर गोलीबारी की गई। बताया गया कि वह ई-रिक्शा से जा रहे थे, तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावर ने उन पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल हादी को पहले ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल और फिर एवरकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिंगापुर में हुई मौत
हालत नाजुक होने पर 15 दिसंबर को उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादी की मौत की खबर सामने आने के बाद बांग्लादेश के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन और हिंसक घटनाएं देखी गईं, जिससे देश में तनाव का माहौल बना हुआ है।
अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
Comments are closed.