महाराष्ट्र में नगर परिषदों और नगर पंचायतों के अध्यक्ष व सदस्यों के पदों के लिए शनिवार को मतदान संपन्न हो गया।
अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं, जो आज सुबह 10 बजे से शुरू होगी। भले ही बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के चुनाव जनवरी में प्रस्तावित हैं, लेकिन इन नतीजों को भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट), मनसे और अन्य दलों के लिए अहम सियासी अग्निपरीक्षा माना जा रहा है।
47.04 प्रतिशत रहा मतदान
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मतदान शाम करीब 5:30 बजे समाप्त हुआ। इस दौरान 23 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के पदों के साथ-साथ 143 रिक्त पदों के लिए वोट डाले गए। राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ था और दोपहर तक 47.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
नासिक में फर्जी मतदान की कोशिश
नासिक जिले में सिन्नर, ओझर और चांदवड क्षेत्रों में कुल 49.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसी दौरान सिन्नर के वार्ड नंबर-2 में फर्जी मतदान का मामला सामने आया। पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर अपने भाई के नाम पर वोट डालने की कोशिश कर रहे 25 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया।
गठबंधन दल आमने-सामने
इस चुनाव में डोंडाईचा नगर परिषद और अंगार नगर पंचायत के चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए, वहीं जाममेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भी कोई मुकाबला नहीं हुआ।
हालांकि, सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के सहयोगी दल—भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी—कई स्थानों पर एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते नजर आए।
कुल मिलाकर, भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) के बीच कई इलाकों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जबकि कुछ जगहों पर सौहार्दपूर्ण मुकाबले भी हुए।
आज सुबह 10 बजे से मतगणना
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण में 2 दिसंबर को मतदान कराने वाली नगर परिषदों और नगर पंचायतों समेत सभी 286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के वोटों की गिनती 21 दिसंबर को सुबह 10 बजे से की जाएगी।
कुछ इलाकों में विवाद
मतदान के दौरान नांदेड, ठाणे और वाशिम जिलों में अनियमितताओं और विवाद की कुछ घटनाएं सामने आईं। इसके बावजूद, राज्य में 23 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए दूसरे चरण का मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
Comments are closed.