अमेरिका में नव वर्ष की पूर्व संध्या से लापता 27 वर्षीय भारतीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, मैरीलैंड के एलिसॉट सिटी में रहने वाली निकिता गोदिशाला अपने पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट में मृत पाई गईं। उनके शरीर पर चाकू से किए गए कई वार के निशान मिले हैं।
निकिता पेशे से डेटा और स्ट्रेटेजी एनालिस्ट थीं और उन्हें आखिरी बार 31 दिसंबर को देखा गया था। जांचकर्ताओं का मानना है कि उनकी हत्या उनके पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा ने की। मामले में आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है।
गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई
पुलिस के मुताबिक, अर्जुन शर्मा ने 2 जनवरी को निकिता के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने अधिकारियों को बताया था कि उसने निकिता को आखिरी बार 31 दिसंबर को मैरीलैंड स्थित अपने अपार्टमेंट में देखा था।
हालांकि, 3 जनवरी को पुलिस ने तलाशी वारंट के तहत शर्मा के अपार्टमेंट में छापा मारा, जहां निकिता का शव चाकू के गहरे घावों के साथ बरामद हुआ।
हत्या के बाद भारत रवाना हुआ आरोपी
जांच में सामने आया है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद अर्जुन शर्मा उसी दिन विमान से भारत के लिए रवाना हो गया। पुलिस का अनुमान है कि शर्मा ने 31 दिसंबर को शाम करीब 7 बजे के बाद निकिता की हत्या की।
फिलहाल हत्या के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो सका है। हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने बताया कि आरोपी का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए वे संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।
भारतीय दूतावास परिवार के संपर्क में
भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह निकिता गोदिशाला के परिवार के संपर्क में है और उन्हें हर संभव कांसुलर सहायता प्रदान की जा रही है। दूतावास ने यह भी बताया कि वह इस मामले में स्थानीय अमेरिकी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है।
Comments are closed.