भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में दिल्ली-NCR, जहरीली हवा से राहत नहीं

1

राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के अधिकांश जिले आज भीषण कोहरे की चपेट में हैं।

घने कोहरे के चलते यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए, जबकि उड़ानों और ट्रेनों के संचालन पर भी व्यापक असर पड़ा है। दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें कई-कई घंटे की देरी से चल रही हैं।

कोहरे के साथ-साथ कड़ाके की ठंड ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली और एनसीआर के शहरों में तापमान दो डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरा दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार, 12 जनवरी को अगले दो दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया था।

3 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा

दिल्ली में कड़ाके की ठंड और ऑरेंज अलर्ट के बीच सोमवार को कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। वहीं, एनसीआर के रेवाड़ी में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे गिरकर -0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक हालात ऐसे ही बने रह सकते हैं।

पालम में न्यूनतम तापमान पिछले 13 वर्षों में सबसे कम रहा। यहां तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम होकर 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 7 जनवरी 2013 को पालम में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं, पालम में अब तक का सबसे कम तापमान -2.2 डिग्री सेल्सियस 11 जनवरी 1967 को दर्ज किया गया था।

प्रदूषण ने बढ़ाई परेशानी

स्थान AQI श्रेणी
आनंद विहार 405 बेहद गंभीर
बवाना 375 बहुत खराब
द्वारका 376 बहुत खराब
IGI एअरपोर्ट 291 खराब
ITO दिल्ली 335 बहुत खराब
जहांगीरपुरी 373 बहुत खराब
मुंडका 363 बहुत खराब
नरेला 368 बहुत खराब
रोहिणी 392 बहुत खराब
सोनिया विहार 335 बहुत खराब
वजीरपुर 372 बहुत खराब
गाजियाबाद 316 बहुत खराब
नोएडा 337 बहुत खराब
गुरुग्राम 405 बेहद गंभीर

ठंड और कोहरे के बीच दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण भी गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। आज सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया, जो ‘बेहद गंभीर’ श्रेणी में आता है। सोमवार को यह स्तर थोड़ा कम, करीब 300 के आसपास था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह सात बजे आनंद विहार में AQI 405 दर्ज किया गया, जबकि आईजीआई एयरपोर्ट क्षेत्र में यह 291 रहा। एनसीआर के अन्य इलाकों में गाजियाबाद में AQI 316, नोएडा में 337 और गुरुग्राम में 405 के पार दर्ज किया गया।

डबल मार झेल रहे लोग

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को इस समय दोहरी मार झेलनी पड़ रही है—एक ओर भीषण ठंड, तो दूसरी ओर जहरीली हवा। प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

कोहरे ने थामी रफ्तार

घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में वाहन चालकों को लाइट और इंडिकेटर जलाकर गाड़ी चलानी पड़ रही है। कोहरे का असर हवाई और रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है, जहां कई उड़ानें और ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

खास बातें

  • अधिकांश इलाकों में AQI 300 से ऊपर, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक
  • कुछ इलाकों में प्रदूषण ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचा
  • बाहर निकलते समय N95 मास्क पहनने और अनावश्यक बाहर जाने से बचने की सलाह

शीतलहर का अलर्ट जारी

IMD के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान में अगले दो-तीन दिनों तक शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है और कुछ स्थानों पर यह 3 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया है।

Comments are closed.