उत्तराखंड-हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट, बसंत पंचमी पर यूपी-दिल्ली में बदलेगा मौसम

1

उत्तर भारत में आज से मौसम का मिज़ाज बदलने वाला है। हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।

वहीं मैदानी इलाकों में भी इसका असर दिखेगा। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को बसंत पंचमी के दिन उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई इलाकों में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, 22 और 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 23 जनवरी को पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

22 और 23 जनवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसा ही मौसम पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में भी देखने को मिलेगा।

कोहरे और शीत लहर का भी असर

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 22 से 26 जनवरी के बीच सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में शीत लहर से भीषण शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि उत्तराखंड के कुछ इलाकों में पाला पड़ने के हालात बन रहे हैं।

दिल्ली को गर्मी से मिलेगी राहत

दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जिससे गर्मी का अहसास बढ़ गया था। हालांकि मौसम में बदलाव के चलते अब राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार:

22 जनवरी को न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री और अधिकतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

23 जनवरी को बादल छाए रहेंगे, गरज के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

24 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है।

25 जनवरी को हल्के बादल रहेंगे, लेकिन ठंड ज्यादा नहीं बढ़ेगी।

26 जनवरी को भी बादल छाए रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री और अधिकतम 20 से 22 डिग्री के बीच रह सकता है।

27 जनवरी से तापमान में फिर बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

23 जनवरी को बदलेगा मौसम का रुख

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 22 जनवरी की शाम से बादल छाने लगेंगे। वहीं 23 जनवरी को दो चरणों में बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। शाम के समय एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

इसके अलावा हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा भी छा सकता है। 24 जनवरी को भी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बादल छाए रहने की संभावना है।

Comments are closed.