अमेरिका में फेडरल एजेंट की गोलीबारी में एक और मौत, एक महीने में दूसरी घटना

2

अमेरिका के मिनियापोलिस में फेडरल एजेंटों की गोलीबारी में एक और व्यक्ति की मौत हो गई है।

मिनेसोटा के गवर्नर टिम वॉल्ज ने शनिवार को इस घटना की पुष्टि की। यह गोलीबारी ऐसे समय में हुई है जब इसी महीने की शुरुआत में शहर में फेडरल अधिकारियों की फायरिंग से एक महिला की मौत के बाद बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं।

गवर्नर वॉल्ज ने ट्रंप प्रशासन के इमिग्रेशन प्रवर्तन अभियानों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने घटना के बाद व्हाइट हाउस से बात की है और इस तरह के ऑपरेशन्स को तुरंत खत्म करने की मांग की है।

वॉल्ज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “यह बेहद परेशान करने वाला है। राष्ट्रपति को यह ऑपरेशन तुरंत बंद करना चाहिए। हजारों हिंसक और बिना प्रशिक्षण वाले अधिकारियों को तुरंत मिनेसोटा से बाहर निकाला जाए।”

फिलहाल गोलीबारी से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन यह घटना शहर में रोज़ाना हो रहे बड़े विरोध प्रदर्शनों के बीच हुई है। ये प्रदर्शन 7 जनवरी को 37 वर्षीय अमेरिकी नागरिक रेनी गुड की मौत के बाद शुरू हुए थे। गुड को इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के एक अधिकारी ने उस समय गोली मार दी थी, जब वह अपनी कार में थीं।

गोलीबारी को लेकर अब तक क्या पता है?

मिनियापोलिस के पुलिस चीफ ब्रायन ओ’हारा ने बताया कि मारे गए व्यक्ति की उम्र 37 साल थी, हालांकि उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। ट्रंप प्रशासन के अधीन आने वाले डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी ने दावा किया है कि युवक के पास एक बंदूक थी। विभाग के अनुसार, इमिग्रेशन अधिकारी जब कार्रवाई कर रहे थे, तभी वह व्यक्ति उनके पास आ गया। उसे निहत्था करने की कोशिश के दौरान उसने कथित तौर पर हिंसक विरोध किया, जिसके बाद एजेंट ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।

वहीं, पुलिस चीफ ओ’हारा ने कहा कि पुलिस का मानना है कि उस व्यक्ति के पास बंदूक रखने का वैध लाइसेंस था।

अमेरिकी न्यूज चैनलों पर दिखाए गए वीडियो में मास्क और टैक्टिकल गियर पहने फेडरल एजेंट सड़क पर एक व्यक्ति से हाथापाई करते नजर आते हैं, जिसके बाद गोली चलने की आवाज सुनाई देती है। वीडियो में यह साफ नहीं हो पाता कि गोली किसने चलाई। कुछ ही पलों में अधिकारी पीछे हटते दिखाई देते हैं और व्यक्ति जमीन पर गिर जाता है, जिसके बाद कई और गोलियों की आवाजें सुनाई देती हैं।

डेमोक्रेटिक पार्टी की सीनेटर टीना स्मिथ ने इस घटना को “विनाशकारी” करार दिया है।

Comments are closed.