26 जनवरी का मौसम: 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, तूफानी हवाओं की चेतावनी, 25 जिलों में घना कोहरा

26 जनवरी का मौसम: 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, तूफानी हवाओं की चेतावनी, 25 जिलों में घना कोहरा

1

देश में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है।

IMD के मुताबिक 11 राज्यों में मूसलाधार बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी और उत्तर भारत के 25 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाया रह सकता है। जिन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और केरल शामिल हैं। 26 और 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में तथा 27 और 28 जनवरी को उत्तराखंड में बिजली कड़कने के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 27 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जो कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, 28 जनवरी को बिहार में कई स्थानों पर गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश की प्रबल संभावना है।

दिल्ली में आज का मौसम

IMD के मुताबिक राजधानी दिल्ली में आज मौसम बेहद ठंडा बना रहेगा। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है।

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, 26 जनवरी की सुबह से ही प्रदेश के कई इलाकों में कोहरे का असर दिखेगा। तराई क्षेत्रों में 26 और 27 जनवरी की सुबह कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27 और 28 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि बारिश थमने के बाद 29 जनवरी की सुबह तापमान में फिर 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

IMD ने उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों के लिए 26 से 28 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के आठ पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 27 जनवरी को भारी ओलावृष्टि और तेज आंधी की आशंका जताई गई है। 29 जनवरी तक पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है, जबकि 30 जनवरी को मौसम शुष्क रह सकता है।

राजस्थान में बदलेगा मौसम

राजस्थान में 26 और 27 जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से 26 जनवरी की दोपहर बाद पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। 27 जनवरी को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, कोटा और अजमेर संभागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज किए जाने की संभावना है। इस दौरान कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर बना रह सकता है।

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का दौर

मौसम विभाग के अनुसार 26 से 27 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्की, जबकि कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बर्फबारी और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। किसानों को 28 जनवरी तक खेती से जुड़े कार्य रोकने की सलाह दी गई है। साथ ही, हिमस्खलन संभावित इलाकों में न जाने की चेतावनी भी जारी की गई है।

तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी

IMD ने तमिलनाडु के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय पूर्वी हवाओं के कारण राज्य में अगले दो दिनों तक मौसम खराब रह सकता है। चेंगलपट्टू, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची, सेलम और नमक्कल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं, कुड्डालोर, तंजावुर और रामनाथपुरम जिलों में भी तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 26 जनवरी को पूरे राज्य में हल्की बारिश जारी रह सकती है।

आपके शहर में आज कितना रहेगा तापमान, जानें

शहर अधिकतम तापमान (26 जनवरी) न्यूनतम तापमान (26 जनवरी)
दिल्ली 18°C 05°C
मुंबई 28°C 24°C
कोलकाता 27°C 18°C
चेन्नई 28°C 25°C
लखनऊ 21°C 10°C
पटना 23°C 12°C
रांची 25°C 12°C
भोपाल 25°C 14°C
जयपुर 19°C 07°C
शिमला 12°C 02°C
नैनीताल 18°C 07°C

Comments are closed.