जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दोलगाम इलाके में छिपे आतंकियों को सुरक्षाबलों ने घेर लिया है। आतंकियों को ढेर करने के लिए सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर शुरू कर दिया है और दोनों ओर से गोलीबारी जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह सुरक्षाबलों ने दोलगाम इलाके में छिपे आतंकियों से दोबारा संपर्क स्थापित किया। सेना ने बताया कि ऑपरेशन की योजना बनाने और उसे ज़मीन पर लागू करने के लिए विभिन्न स्रोतों से मिली खुफिया जानकारी का समन्वय किया गया।
इलाके की घेराबंदी, ऑपरेशन जारी
व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर जानकारी दी कि जम्मू-कश्मीर में चल रहे जॉइंट ऑपरेशन ‘त्राशी-I’ के तहत 31 जनवरी की सुबह व्हाइट नाइट कोर, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने दोलगाम के सामान्य क्षेत्र में आतंकियों से फिर संपर्क स्थापित किया। इसके बाद पूरे इलाके की चारों ओर से घेराबंदी कर दी गई और ऑपरेशन जारी है।
पिछले पखवाड़े में यह चौथी बार है जब इस इलाके में आतंकियों से संपर्क स्थापित हुआ है। इसी बीच उत्तरी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने किश्तवाड़ का दौरा कर आतंकवाद-रोधी ग्रिड की समीक्षा की। जिले में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों के समूह को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी है।
सुरक्षा कारणों से इंटरनेट सेवाएं बंद
अधिकारियों ने बताया कि चल रहे ऑपरेशन के दौरान किसी भी तरह के दुरुपयोग को रोकने के लिए सिंहपोरा, चिंगम और चतरू को कवर करने वाले करीब छह किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।
Comments are closed.