वेनेजुएला के बाद अगला निशाना कौन? ऑपरेशन सदर्न स्पियर में ट्रंप ने तैनात किए 3 अमेरिकी युद्धपोत

1

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के बाद ऑपरेशन सदर्न स्पीयर को और तेज़ कर दिया है।

इस अभियान के तहत अब अमेरिकी नौसेना दक्षिण अमेरिका के एक और देश के नज़दीक पहुंच गई है। यह देश है हैती। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के तीन नौसैनिक पोत हैती की समुद्री सीमा के करीब तैनात किए गए हैं। हैती दुनिया के सबसे गरीब देशों में शामिल है और लंबे समय से गैंग हिंसा, राजनीतिक अस्थिरता और प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है।

हैती पहुंचे तीन अमेरिकी युद्धपोत

इस हफ्ते की शुरुआत में अमेरिकी नौसेना का गाइडेड-मिसाइल डिस्ट्रॉयर USS स्टॉकडेल, और अमेरिकी तटरक्षक बल के दो जहाज USCGC स्टोन और USCGC डिलिजेंस, हैती की राजधानी पोर्ट-औ-प्रिंस की खाड़ी में दाखिल हुए।

हैती में अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि यह तैनाती “हैती की सुरक्षा, स्थिरता और बेहतर भविष्य के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता” को दर्शाती है।

USS स्टॉकडेल की सैन्य क्षमता

USS स्टॉकडेल एक अर्ले बर्क-क्लास गाइडेड-मिसाइल डिस्ट्रॉयर है, जो अपनी उन्नत तकनीक और आधुनिक हथियार प्रणालियों के लिए जाना जाता है। यह जहाज एंटी-एयर, एंटी-सरफेस और एंटी-सबमरीन युद्ध करने में सक्षम है।

पिछले वर्ष यह युद्धपोत कैरेबियन क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी विरोधी अभियानों में अमेरिकी बेड़े का हिस्सा रहा था।

अमेरिकी तटरक्षक बल के जहाज

USCGC स्टोन और USCGC डिलिजेंस अमेरिकी कोस्ट गार्ड के जहाज हैं, जिनका इस्तेमाल समुद्री सुरक्षा, कानून प्रवर्तन, खोज-बचाव अभियानों और अंतरराष्ट्रीय अपराधों के खिलाफ कार्रवाई में किया जाता है। ये जहाज अक्सर कैरेबियन और पश्चिमी गोलार्ध में अमेरिकी नौसेना के साथ मिलकर मिशन अंजाम देते हैं।

हैती में तैनाती की वजह

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह तैनाती रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के निर्देश पर ऑपरेशन सदर्न स्पीयर के तहत की गई है। यह अभियान पिछले साल शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय आपराधिक और अवैध समुद्री नेटवर्क की पहचान करना, उन्हें बाधित करना और कमजोर करना है।

अमेरिकी दावों के मुताबिक, इस ऑपरेशन के तहत कैरेबियन और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में ड्रग तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में अब तक 100 से अधिक संदिग्ध मारे जा चुके हैं।

हालांकि, वेनेजुएला जैसे देशों की तुलना में हैती में अमेरिकी युद्धपोतों की मौजूदगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि हैती सैन्य रूप से कमजोर और आर्थिक रूप से बेहद पिछड़ा देश है।

Comments are closed.