पहाड़ों पर मौसम आज फिर करवट ले सकता है, जिसका असर मैदानी इलाकों तक देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में आज से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है. इसका प्रभाव जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखने को मिल सकता है. इन राज्यों में आज गरज के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में सुबह के समय कोहरा छा सकता है. मौसम वैज्ञानिक डॉ. शशिकांत मिश्रा के अनुसार, उत्तर भारत में फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य से 2–3 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है, लेकिन अगले चार दिनों में इसके सामान्य स्तर पर लौटने का अनुमान है.
कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम वैज्ञानिक डॉ. शशिकांत मिश्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ ओमान और उसके आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है. इसके प्रभाव से 9 से 11 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों—जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड—में छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. हालांकि, देश के अन्य हिस्सों में अगले सात दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
अगले 24 घंटों में बढ़ेगा तापमान
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में इतनी ही गिरावट आने की संभावना है. वहीं, मध्य भारत में अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले चार दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.
इन राज्यों में छा सकता है घना कोहरा
उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान अभी सामान्य से 2–3 डिग्री अधिक बना हुआ है, लेकिन अगले तीन दिनों में इसके सामान्य होने का अनुमान है. 9 और 10 फरवरी को उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, बिहार और उत्तराखंड में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जो दोपहर तक छंट जाएगा. इस दौरान किसी शीतलहर की संभावना नहीं है.
दिल्ली में कैसा रहेगा आज का मौसम
दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज हल्की धुंध देखी जा सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम साफ रहेगा, लेकिन हवा की रफ्तार कम और नमी अधिक होने से प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है, जिससे सांस की समस्या हो सकती है. आने वाले दिनों में राजधानी में तापमान बढ़ने के साथ ठंड का असर कम होगा.
क्या यूपी में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर?
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का खास असर देखने को नहीं मिलेगा. मौसम सामान्य बना रहेगा. पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और धुंध हो सकती है. राज्य में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि हवाएं 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. वहीं, बिहार में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
Comments are closed.