‘तेहरान’ की निर्माता डाना ईडन का निधन, एथेंस के होटल में मिला शव

0

इजरायली टेलीविजन इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। चर्चित जासूसी ड्रामा सीरीज Tehran की निर्माता और क्रिएटर Dana Eden का 52 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह ग्रीस की राजधानी एथेंस में अपने होटल के कमरे में मृत पाई गईं।

डाना ईडन इन दिनों ‘तेहरान’ के चौथे सीजन की शूटिंग के सिलसिले में ग्रीस में थीं। मनोरंजन जगत में उनकी मौत को बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

आत्महत्या के एंगल से जांच

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, स्थानीय पुलिस ने बताया है कि मामले की जांच आत्महत्या के एंगल से की जा रही है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

‘कान’ ने की आधिकारिक पुष्टि

इजराइल के सार्वजनिक प्रसारक Kan 11 (कान) ने डाना ईडन के निधन की पुष्टि की। बयान में कहा गया, “इजरायली पब्लिक ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन में कई प्रस्तुतियों और कार्यक्रमों में हमारे मित्र और सहयोगी के निधन पर हम गहरा शोक व्यक्त करते हैं।”

भाई ने होटल में किया तलाश

रिपोर्ट के अनुसार, जब डाना ईडन लंबे समय तक कॉल और संदेशों का जवाब नहीं दे रही थीं, तो उनके भाई एथेंस स्थित होटल पहुंचे। वहीं कमरे में उनका शव मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली सीरीज

‘तेहरान’ का प्रीमियर 2020 में हुआ था और 2021 में इसे इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ ड्रामा सीरीज का सम्मान मिला था। इस सीरीज ने डाना ईडन को वैश्विक पहचान दिलाई और इजरायली कंटेंट को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से स्थापित किया।

Comments are closed.