केरल में बड़ी कार्रवाई: निजी एजेंसी से 500 अवैध LPG सिलेंडर जब्त, 232 वितरकों पर जुर्माना

1

देश में LPG की कालाबाजारी और जमाखोरी पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत केरल में बड़ी कार्रवाई सामने आई है।

राज्य के नागरिक आपूर्ति विभाग ने तिरुवनंतपुरम के अटिंगल स्थित एक निजी गैस एजेंसी पर छापा मारकर करीब 500 अवैध LPG सिलेंडर जब्त किए हैं। मामले की जांच फिलहाल जारी है।

कालाबाजारी के खिलाफ तेज हुआ अभियान
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, देश में गैस आपूर्ति पर बढ़ते दबाव के बीच अवैध जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खासतौर पर अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के बीच निगरानी बढ़ाई गई है।

देशभर में बड़े पैमाने पर कार्रवाई
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 1.31 लाख से ज्यादा छापेमारी की जा चुकी है। इस दौरान 59,000 से अधिक सिलेंडर जब्त हुए, 1000 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गईं और 238 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 232 LPG वितरकों पर जुर्माना लगाया गया है, जबकि 56 वितरकों को निलंबित भी किया जा चुका है।

PNG की ओर बढ़ रहा झुकाव
सरकार LPG पर निर्भरता कम करने के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क को भी तेजी से बढ़ा रही है। मार्च 2026 से अब तक करीब 4.40 लाख PNG कनेक्शन सक्रिय किए जा चुके हैं और 4.88 लाख से ज्यादा लोगों ने नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया है।

हजारों उपभोक्ताओं ने छोड़ा LPG कनेक्शन
MYPNGD.in पोर्टल के जरिए अब तक 33,000 से अधिक उपभोक्ता अपने LPG कनेक्शन सरेंडर कर चुके हैं। वहीं, छोटे 5 किलोग्राम वाले FTL सिलेंडर की मांग तेजी से बढ़ी है—23 मार्च 2026 से अब तक 14.3 लाख से ज्यादा सिलेंडर बिक चुके हैं। सोमवार को ही करीब 1.1 लाख सिलेंडर की बिक्री दर्ज की गई, जो फरवरी के औसत से काफी अधिक है।

यह कार्रवाई दिखाती है कि सरकार गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने के लिए लगातार कदम उठा रही है।

Comments are closed.