तमिलनाडु में शुरू हुई ‘रिजॉर्ट पॉलिटिक्स’, AIADMK ने विधायकों को पुडुचेरी भेजा

0

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

सरकार गठन को लेकर जारी सियासी गतिविधियों के बीच AIADMK ने अपने नव-निर्वाचित विधायकों को पुडुचेरी भेज दिया है। इसे संभावित जोड़-तोड़ और विधायकों की टूट-फूट रोकने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। AIADMK के प्रवक्ता कोवई सत्यन ने पुष्टि की कि पार्टी विधायकों को पुडुचेरी में ठहराया गया है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने विधायक वहां भेजे गए हैं और इस फैसले के पीछे पार्टी की आधिकारिक वजह क्या है।

सूत्रों के मुताबिक, एडप्पादी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली AIADMK ने अभिनेता-विजय की पार्टी TVK को बिना शर्त समर्थन देने का प्रस्ताव दिया था ताकि राज्य में स्थिर सरकार बनाई जा सके। इसको लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत भी चल रही थी।

हालांकि बुधवार दोपहर के बाद TVK की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर AIADMK ने अपना रुख बदल लिया। पार्टी नेताओं ने बाद में संकेत दिया कि अब समर्थन का प्रस्ताव वापस ले लिया गया है। साथ ही AIADMK ने DMK के साथ किसी भी संभावित गठबंधन की अटकलों को भी खारिज कर दिया।

AIADMK और TVK के बीच कई दौर की बातचीत
जानकारी के अनुसार, AIADMK और TVK के बीच बातचीत मंगलवार सुबह शुरू हुई थी। चूंकि TVK बहुमत के आंकड़े से पीछे रह गई थी, इसलिए दोनों दल चुनाव बाद संभावित समीकरणों पर चर्चा कर रहे थे।

AIADMK के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि पार्टी ने “स्थिर सरकार” के लिए बिना शर्त समर्थन की पेशकश की थी। उनका कहना था कि बातचीत आपसी सम्मान और समझदारी के आधार पर आगे बढ़ सकती थी, लेकिन TVK की तरफ से लंबे समय तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि कांग्रेस द्वारा TVK को समर्थन देने और “सांप्रदायिक ताकतों” से दूरी बनाए रखने की सलाह के बाद घटनाक्रम तेजी से बदला। इसके बाद AIADMK और TVK के बीच जारी बातचीत अचानक थम गई।

AIADMK नेताओं ने नाराजगी भी जाहिर की। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि समर्थन प्रस्ताव पर उचित प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण बातचीत खत्म करने का फैसला लिया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि अब पार्टी का फोकस अपने विधायकों को एकजुट रखने पर है।

बहुमत जुटाने में लगी TVK
दूसरी ओर, TVK अभी भी सरकार गठन के लिए समर्थन जुटाने में लगी हुई है। पार्टी छोटी पार्टियों और निर्दलीय विधायकों के साथ संपर्क बनाए हुए है ताकि विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा हासिल किया जा सके।

234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में TVK 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। DMK को 59 सीटें मिली हैं, जबकि AIADMK ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस के खाते में 5 सीटें गई हैं। इसके अलावा PMK को 4 सीटें मिलीं, जबकि IUML, CPI, CPM और VCK ने दो-दो सीटें जीती हैं। BJP, DMDK और AMMK को एक-एक सीट पर सफलता मिली है।

Comments are closed.