केरल में समय से पहले दस्तक देगा मानसून, लेकिन दिल्ली-पंजाब समेत उत्तर भारत में फिलहाल लू का कहर

0

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तय समय से पहले रफ्तार पकड़ ली है।

मानसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, पूरे निकोबार द्वीप समूह और अंडमान द्वीप समूह के विजयपुरम तक पहुंच चुका है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों में मानसून के दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों और अंडमान-निकोबार क्षेत्र में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ इलाकों में भी इसी दौरान मानसून दस्तक दे सकता है।

IMD ने शुक्रवार को अनुमान जताया था कि इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई तक केरल पहुंच सकता है, जबकि सामान्य तौर पर इसकी शुरुआत 1 जून के आसपास मानी जाती है। मानसून के समय से पहले आने की संभावना को मौसम विशेषज्ञ अहम मान रहे हैं।

हालांकि, मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि इस साल मानसून सीजन के दौरान देश में सामान्य से कम बारिश दर्ज की जा सकती है। इसकी बड़ी वजह अल नीनो परिस्थितियों के उभरने की आशंका बताई जा रही है, जिसका असर आमतौर पर भारत में वर्षा पर पड़ता है।

वहीं दूसरी ओर, उत्तर भारत को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। IMD के अनुसार दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है। 17 मई को राजधानी में लू चलने और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

पंजाब में भी 20 मई तक लू की स्थिति बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Comments are closed.