रतलाम के पास राजधानी एक्सप्रेस में आग लगी, कई ट्रेनें रोकी गईं; DRM मौके पर

0

दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन की ओर जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) में रविवार सुबह भीषण आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसा रतलाम रेल मंडल के आलोट-विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुआ, जिसके चलते दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। जानकारी के मुताबिक त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस रतलाम स्टेशन से रवाना होने के कुछ देर बाद सुबह करीब 5:30 बजे बी-1 कोच में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दो कोचों को अपनी चपेट में ले लिया। गार्ड की सूचना पर लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी।

घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें अन्य कोचों में शिफ्ट किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार आग लगने की घटना कोटा रेल मंडल क्षेत्र में हुई। हादसे में दो कोच पूरी तरह जल गए हैं। हालांकि अब तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

इस घटना के बाद नई दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों को रास्ते में अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया है। रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Comments are closed.