बिहार के मुजफ्फरपुर में अस्पताल में भीषण आग, 3 मरीजों की मौत; कई अन्य के हताहत होने की आशंका
बिहार के मुजफ्फरपुर से गुरुवार सुबह एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। शहर के प्रमुख प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में आग लगने से कम से कम तीन मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मरीजों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। हादसे के समय 13 बेड वाले आईसीयू में 15 मरीज भर्ती थे। दमकल विभाग ने करीब 15 लोगों को अस्पताल से बाहर निकाला और उन्हें शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएम सुब्रत कुमार सेन, एसएसपी समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल की कई गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
डीएम ने बताया कि अब तक तीन मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है। आग बुझाने और बचाव कार्य के दौरान आईसीयू वार्ड के इंचार्ज भी झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आग लगने के बाद अस्पताल के कर्मचारी और डॉक्टर मौके से चले गए, जबकि कई मरीजों को उनके परिजनों ने खुद बाहर निकाला। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल का फायर सेफ्टी सिस्टम काम नहीं कर रहा था और सीढ़ियों का गेट बंद होने के कारण बचाव कार्य प्रभावित हुआ।
हादसे के बीच एक बुजुर्ग महिला ने अपनी जान बचाने के साथ-साथ गार्ड को आग लगने की जानकारी देकर अन्य लोगों को सतर्क किया। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Comments are closed.