रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: पिकअप-ट्रक की टक्कर में 7 लोगों की मौत

1

रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और पिकअप की आमने-सामने की टक्कर में 7 की मौत, एक गंभीर

झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी गांव के पास रात करीब 11:30 बजे हुआ, जब एक पिकअप वाहन और कोयला लदे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई।

पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार सभी लोग ताशा पार्टी के सदस्य थे। वे मुहर्रम के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घायल युवक को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।

ताशा पार्टी के सदस्य थे सभी मृतक

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतकों में दो युवक रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव और पांच युवक कुजू के बलसगरा गांव के निवासी थे। सभी की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

पुलिस के मुताबिक, पिकअप वाहन (जेएच 02क्यू-8268) गोला से रामगढ़ की ओर जा रहा था। जैसे ही वह लारी बुध बाजार स्थित होटल सम्राट के पास पहुंचा, विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे एलपी ट्रक (जेएच02एए-4786) ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

ट्रक जब्त, चालक फरार

हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

मुआवजे और तेज रफ्तार पर कार्रवाई की मांग

दुर्घटना के बाद शुक्रवार तड़के तक रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

Comments are closed.