अमेरिका के मिशिगन मॉल में ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 की मौत; एक घायल

1

अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटना ने दहशत फैला दी।

मिशिगन के डियरबॉर्न शहर स्थित फेयरलेन टाउन सेंटर शॉपिंग मॉल में शुक्रवार दोपहर हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद पूरे मॉल में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने इलाके को घेरकर हमलावर की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे फेयरलेन टाउन सेंटर से गोलीबारी की सूचना मिली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह घटना दो लोगों के बीच हुए विवाद के बाद हुई लक्षित (टारगेटेड) फायरिंग का नतीजा हो सकती है। इस दौरान वहां मौजूद एक निर्दोष राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद मॉल को एहतियातन लॉकडाउन कर दिया गया। डियरबॉर्न पुलिस और मिशिगन स्टेट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया। फिलहाल हमलावर की तलाश जारी है और गोलीबारी के पीछे की वजह का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है।

फेयरलेन टाउन सेंटर डेट्रॉइट मेट्रो क्षेत्र के सबसे बड़े शॉपिंग मॉल्स में से एक है। यह डाउनटाउन डेट्रॉइट से करीब 10 मील (लगभग 16 किलोमीटर) पश्चिम में स्थित है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Comments are closed.