भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आधार धारकों के लिए एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की है।
अब लोग घर बैठे नए आधार ऐप के जरिए अपनी ईमेल आईडी जोड़ या अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी। यूआईडीएआई के अनुसार, यह सेवा 1 जुलाई 2026 से अगले छह महीनों तक पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध रहेगी।
नई सुविधा को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। प्राधिकरण ने बताया कि सेवा शुरू होने के महज दो दिनों के भीतर 2.5 लाख से अधिक लोगों ने आधार ऐप के जरिए अपनी ईमेल आईडी अपडेट कर ली।
यूआईडीएआई के मुताबिक, आधार से ईमेल आईडी लिंक होने के बाद हर बार आधार प्रमाणीकरण (Authentication) होने पर संबंधित व्यक्ति को तुरंत ईमेल अलर्ट मिलेगा। इससे आधार के इस्तेमाल में पारदर्शिता बढ़ेगी और सुरक्षा भी मजबूत होगी, क्योंकि आधार धारक अपने आधार नंबर के उपयोग की जानकारी समय-समय पर प्राप्त कर सकेंगे।
प्राधिकरण ने यह भी जानकारी दी कि लॉन्च के बाद से नए आधार मोबाइल ऐप को 3.1 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है। इसी ऐप के जरिए अब तक 40 लाख से ज्यादा लोगों ने अपना मोबाइल नंबर अपडेट किया है, जबकि करीब 10 लाख यूजर्स ने अपने पते (Address) में भी बदलाव कराया है।
यूआईडीएआई का मानना है कि नई डिजिटल सेवाओं के जरिए आधार से जुड़े काम पहले की तुलना में अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक बन रहे हैं, जिससे लोगों को सेवा केंद्रों के चक्कर लगाने की आवश्यकता भी कम होगी।
Comments are closed.