भारी बारिश से मुंबई-पुणे रेल लाइन पर लैंडस्लाइड, कई ट्रेनें रद्द; एक्शन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव
मुंबई-पुणे रेल रूट पर भूस्खलन से रेल सेवा प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द; अश्विनी वैष्णव ने की समीक्षा
मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब रेल यातायात पर भी साफ दिखाई देने लगा है। रविवार देर रात भारी बारिश के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग के घाट सेक्शन में भूस्खलन हो गया, जिससे कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ और कुछ सेवाओं को रद्द करना पड़ा।
मध्य रेलवे के अनुसार, कर्जत और लोनावला के बीच दक्षिण-पूर्वी घाट खंड में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच अप मेन लाइन पर भूस्खलन हुआ। वहीं, कर्जत के पास ठाकुरवाड़ी रेलवे स्टेशन के नजदीक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें ट्रैक पर आ गिरीं, जिससे तीनों रेल लाइनें प्रभावित हो गईं। सुरक्षा के मद्देनजर कई ट्रेनों को रास्ते में ही रोकना पड़ा और रेल संचालन बाधित हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव से बातचीत कर हालात की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में भारी भूस्खलन और चट्टानों के ट्रैक पर गिरने के बाद रेलवे की टीमें पूरी तरह सक्रिय हैं और सेवाओं को जल्द बहाल करने के लिए लगातार काम कर रही हैं।
रेल मंत्री ने यह भी कहा कि मौसम विभाग की ओर से सोमवार को भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में पश्चिमी रेलवे और मध्य रेलवे के अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करते हुए ट्रेन सेवाओं की जल्द बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बीच रेलवे की इंजीनियरिंग, ट्रैक मेंटेनेंस और आपदा राहत टीमें मौके पर युद्धस्तर पर मलबा हटाने और ट्रैक को सुरक्षित बनाने में जुटी हैं। हालांकि, तड़के करीब 3:05 बजे खंडाला और मंकी हिल स्टेशनों के बीच मिडिल लाइन पर भी एक और भूस्खलन होने से बहाली का काम और चुनौतीपूर्ण हो गया।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें, क्योंकि मौसम की स्थिति के अनुसार रेल संचालन में बदलाव किया जा सकता है।
गौरतलब है कि लगातार हो रही बारिश के चलते घाट सेक्शन में पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। इससे रेल परिचालन को सुरक्षित रखना एक बड़ी चुनौती हो गया है। स्थिति को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद कर दिया है।
सेंट्रल रेलवे ने सोमवार के लिए रद की ये ट्रेनें
22105/22106 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी इंद्रायणी एक्सप्रेस
12169/12170 पुणे-सोलापुर-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस
12127/12128 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी इंटरसिटी एक्सप्रेस
11007/11008 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी डेक्कन एक्सप्रेस
12123/12124 CSMT-पुणे-CSMT डेक्कन क्वीन
12125/12126 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी प्रगति एक्सप्रेस
11009/11010 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस
11011/11012 सीएसएमटी-धुले-सीएसएमटी एक्सप्रेस
इसके अलावा 9 लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया। जिन ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है, उनमें- अहमदाबाद-कोल्हापुर एक्सप्रेस, इंदौर-दौंड एक्सप्रेस, अहमदाबाद-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस, हजूर साहिब नांदेड़-पनवेल एक्सप्रेस, चारलापल्ली-इंदौर हमसफर एक्सप्रेस, एलटीटी-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस, दौंड-ग्वालियर सुपरफास्ट एक्सप्रेस और चेन्नई एग्मोर-सीएसएमटी मेल शामिल हैं।
रेल अधिकारियों के अनुसार, घाट खंड में भारी बारिश के कारण रेल पटरियों पर बड़े-बड़े पत्थर गिर गए। जिससे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। रेल पटरियों से मलबा हटाकर जल्द से जल्द रेल परिचालन बहाल करने के लिए टीमें मौजूद हैं।
Comments are closed.