राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच तेज हो गई है।
बुधवार सुबह पुलिस ने जेल में बंद तीनों आरोपियों—करुणेश पाण्डेय, लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्र—को 40 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड पर अपनी अभिरक्षा में लिया। तीनों से गुरुवार रात 10 बजे तक लगातार पूछताछ की जाएगी।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों से पहले हुई पूछताछ के आधार पर कुछ अहम सुराग मिले हैं। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान मामले में बड़ी बरामदगी और नए खुलासे हो सकते हैं।
इससे पहले पुलिस आरोपी अविनाश को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। जांच के दौरान उसके पास से चोरी के पैसों से खरीदी गई एक कार बरामद की गई थी।
उधर, मंगलवार रात पुलिस ने मामले में अनुकल्प मिश्र के चाचा रामेंद्र मिश्र और इनायतनगर के एक ज्वैलर्स को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस टीम ने क्षेत्र के कुछ निर्माण सामग्री विक्रेताओं से भी जानकारी जुटाई। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इन्हीं दुकानों से अनुकल्प के बहनोई लवकुश मिश्र के मकान निर्माण के लिए बिल्डिंग मैटेरियल की आपूर्ति की गई थी।
इनायतनगर थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि साइबर सेल की टीम ने संबंधित लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस अब रिमांड के दौरान मिले इनपुट के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Comments are closed.